पाकिस्तान ने की 'अकारण' गोलीबारी : सेना
जम्मू, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय ठिकानों पर पाकिस्तान सैनिकों ने 'अकारण' गोलीबारी की । यह जानकारी सैन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू से 250 किलोमीटर दूर काथ पंजाल चौकी पर गुरुवार शाम गोलीबारी की गई। उन्होंने कहा, "छोटे और मझोले हथियारों से दो घंटे से अधिक समय तक अकारण गोलीबारी की गई। भारतीय सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई नहीं की।"
गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नई दिल्ली में सैन्य अधिकारियों ने इस घटना को संघर्ष विराम के उल्लंघन के रूप में दर्ज नहीं कराया है।
जम्मू में सेना के अधिकारियों ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन अब अक्सर होता रहता है।
जुलाई में भारत ने नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की ओर से अकारण की जाने वाली गोलीबारी पर कड़ा ऐतराज जताया था। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने पाकिस्तान से संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने का अनुरोध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*