दिल्ली पुलिस के जांबाज अधिकारी थे शर्मा
नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। राजधानी के जामियानगर इलाके में शुक्रवार की सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में शहीद होने वाले निरीक्षक मोहन चंद शर्मा दिल्ली पुलिस के जांबाज सिपाहियों में शुमार किए जाते थे।
दिल्ली पुलिस को अक्सर जब भी खतरनाक मिशन पर जाना होता था तो सबसे पहले शर्मा को याद किया जाता था। शुक्रवार को भी यही हुआ। लेकिन इस दफा वे मौत को चकमा नहीं दे पाए। बुलेट प्रुफ जैकेट पहने बगैर ही शर्मा आतंकवादियों से भिड़ गए थे।
दिल्ली के होली फैमिली अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांसें लीं। उन्हें चार गोलियां लगी थीं।
44 वर्षीय शर्मा को मुठभेड़ विशेषज्ञ माना जाता था। अपनी बहादुरी के लिए उन्हें सात वीरता पुरस्कार मिल चुके थे।
शर्मा की बहादुरी को देखते हुए उन्हें जम्मू कश्मीर में एक विशेष आपरेशन को अंजाम देने के लिए भी भेजा जा चुका था। शर्मा की मौत के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत अन्य कई नेताओं ने शर्मा की मौत पर अपनी संवेदना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।