जबलपुर के 150 साल पुराने गिरिजाघर को निशाना बनाया गया
जबलपुर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार रात दो अज्ञात व्यक्तियों ने डेढ़ सौ साल पुराने सेन्ट पीटर एन्ड पॉल चर्च को आग लगा दी।
ईसाई समाज की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कैंट थाने से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को दो युवक दुपहिया वाहन से पेन्टी नाका स्थित सेन्ट पीटर एन्ड पॉल चर्च पहुंचे और उन्होंने दरवाजे का कांच तोड़ने के बाद अंदर से बंद दरवाजे को खोल लिया और वहां आग लगा दी। इस मामले में फादर एन्थनी शिकायत दर्ज कराई है।
उसी परिसर में रहने वाली नन ने इसकी सूचना फादर और अन्य पदाधिकारियों को दी। मौके पर बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए और उन्होंने दमकल विभाग के साथ मिलकर आग बुझाई।
जबलपुर के अतिरिक्त जिलाधिकारी ओ़ पी़ श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोषियों की तलाश शुरु कर दी है। घटना के विरोध में ईसाई समाज के सभी शिक्षण संस्थान शुक्रवार को बंद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।