भूमि विवाद के कारण नेपाली मंत्री का इस्तीफा
काठमांडू, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल में पूर्व माओवादी विद्रोहियों द्वारा भूमि हड़पने के एक मामले को लेकर विवाद बढ़ने के चलते भूमि सुधार मंत्री मातृका यादव ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।
माओवादी केंद्रीय समिति के सदस्य यादव ने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
काठमांडू से 300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित सिराहा जिले में सशस्त्र माओवादियों ने एक विवादित भूमि पर नियंत्रण स्थापित कर लिया था, जिससे विवाद बढ़ता चला गया।
विवादित भूमि पर कब्जे की स्थिति को देखते हुए यादव ने भूमिहीनों को फिर से झोपड़ी बनाने का आदेश दिया था। पुलिस ने एक दिन पूर्व यहां बनी झोपड़ियों को उजाड़ दिया था।
यादव ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और वे इसके लिए माफी नहीं मांगेंगे। दरअसल माओवादी केंद्रीय समिति ने उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा था।
नेपाली मीडिया के अनुसार जिस भूमि को लेकर विवाद हो रहा है वह एक निजी संपत्ति है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यादव पिछले वर्ष भी उस समय विवादों में आए थे, जब उन्होंने गिरिजा प्रसाद कोइराला सरकार से इस्तीफा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।