आतंकवाद से ध्यान हटाने के लिए संघ पर प्रतिबंध की मांग : भाजपा
लखनऊ, 18 सितंबर(आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है देश में बढ़ती आतंकवादी घटनाओं पर से ध्यान हटाने के लिए कुछ राजनीतिक दल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जैसे देशभक्त संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वामपंथी दल संघ पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं। ये ऐसे राजनीतिक दल हैं जो स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) जैसे राष्ट्र विरोधी संगठन के समर्थक हैं।
उन्होंने कहा कि आरएसएस एक देशभक्त संगठन है। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। लेकिन संघ के खिलाफ 1925 से लेकर अब तक सरकार कोई भी प्रमाण नहीं दे पाई। जबकि उसकी राष्ट्रभक्ति के अनेक प्रमाण उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण के नाम पर वोट बैंक को मजबूत करने के लिए ये राजनीतिक दल बार-बार संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात करते हैं लेकिन उन्हें सिमी और हूजी जैसे आतंकी संगठनों की कारगुजारियां नहीं दिखाई पड़ती हैं। जामा मस्जिद के इमाम अहमद बुखारी के राष्ट्रद्रोही बयान भी उन्हें सुनाई नहीं पड़ते।
भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा वोट बैंक की खातिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार भी मजहबी व आतंकी तत्वों के पक्ष में खड़ी है। भाजपा ऐसे दलों और उनके नेताओं को बेनकाब करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।