डेविस कप : भारत और रोमानिया की भिड़ंत शुक्रवार से
बुखारेस्ट (रूमानिया), 18 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत और रोमानिया के बीच शुक्रवार से डेविस कप मुकाबले खेले जाएंगे। भारत अगर रोमानिया को हरा देता है तो उसे विश्व ग्रुप में जगह मिल जाएगी। भारत 1998 में पहली बार विश्व ग्रुप में पहुंचा था, जहां उसे इटली ने 4-1 से पराजित किया था।
भारतीय टीम एशिया-ओसेनिया ग्रुप के सेमीफाइनल में जापान को हराकर विश्व ग्रुप के स्तर तक पहुंची है। दूसरी ओर, विश्व ग्रुप के पहले दौर में फ्रांस के हाथों हारने के कारण रोमानिया को प्ले-ऑफ मुकाबलों में खेलना पड़ रहा है।
भारतीय टीम में दिग्गज खिलाड़ी महेश भूपति और लिएंडर पेस के अलावा प्रकाश अमृतराज और युवा सोमदेव देवबर्मन शामिल हैं। मुख्य रूप से भारतीय चुनौती पेस और भूपति पर निर्भर रहेगी क्योंकि अमृतराज पूरी तरह फिट नहीं हैं।
दूसरी ओर, देवबर्मन पहली बार डेविस कप में खेल रहे हैं, इस लिहाज से उनके प्रदर्शन पर भी काफी कुछ टिका होगा। देवबर्मन को रोहन बोपन्ना के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम के कप्तान एस.पी मिश्रा को भरोसा है कि पेस-भूपति के अच्छे प्रदर्शन के बूते उनकी टीम बढ़त कायम करने में सफल रहेगी लेकिन कुल मिलाकर वे लाल बजरी पर होने वाले इस मुकाबले को काफी कठिन मान रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।