समुद्री सीमा पर भारत-बांग्लादेशवार्ता संपन्न
ढाका, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत और बांग्लादेश के बीच करीब तीन दशक बाद समुद्री सीमा पर हुई पहली वार्ता लंबित मसलों पर बिना किसी प्रगति के संपन्न हो गई, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि यह बातचीत उपयोगी रही।
दोनों पक्ष विवाद के दो प्रमुख मुद्दों दक्षिणी तालपट्टी द्वीप के स्वामित्व और बंगाल की खाड़ी में विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड)संबंधी अपने दावों पर कोई रास्ता निकालने में विफल रहे।
भारत और बांग्लादेश दोनों द्वीप पर अपने स्वामित्व का दावा करते हैं, भारत में इसे पुरबाशा या न्यू मूर द्वीप कहा जाता है।
भारत और बांग्लादेश में सीमा पर स्थित हरियाभंगा नदी पर भी मतभेद हैं। बांग्लादेश के अतिरिक्त विदेश सचिव एम. के. एम. महमूद ने तीन दिन की वार्ता समाप्त होने के बाद बुधवार को कहा कि नदी की मध्य धारा को अंतर्राष्ट्रीय सीमा के रूप में देखा जाना चाहिए।
वार्ता में किसी भी प्रगति के बारे में पूछे जाने पर महमूद ने कहा कि 28 वर्षो के अंतराल के बाद यह बैठक हुई है, जो अपने आप में प्रगति का ही संकेत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*