तितलियों को लुभाने के लिए मदिरा का सहारा!
भोपाल, 17 सितंबर (आईएएनएस)। शराब लोगों को मदहोश कर देती है, मगर भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में तितलियों को लुभाने का सहारा बन गई है यही शराब। इस प्रयोग का वन विहार में असर भी नजर आने लगा है और रंग बिरंगी तितलियां हर किसी का मन मोहने लगी हैं।
पिछले दिनों वन विहार में बटरफ्लाई प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने की वजह यह है कि इस इलाके में एक सौ से अधिक प्रजातियों की तितलियां पाई जाती हैं। समस्या यह है कि इन तितलियों को वन विहार के करीब तक लाया कैसे जाए। इसके लिए वन विहार ने एक प्रयोग किया है।
शराब, गुड़ और केले का मिश्रण बनाया जाता है। इस मिश्रण को विभिन्न पौधो की पत्तियों और तने पर लेप के तौर पर चढ़ा दिया जाता है।
वन विहार के सहायक संचालक ए़ क़े खरे का कहना है कि इस मिश्रण से निकलने वाली गंध तितलियों को अपनी ओर आकर्षित करती है। वैसे भी तितलियां फूलों तक गंध के कारण ही खिचीं चली आती हैं।
सहायक संचालक के मुताबिक पिछले चार माह से चल रहा यह प्रयोग सफल नजर आ रहा है। 25 से 30 प्रजाति की तितलियां वन विहार में मंडराती नजर आ जाती हैं। वे कहते हैं कि यह कोई नया प्रयोग नहीं है, कई अन्य स्थानों पर भी तितलियों को लुभाने के लिए शराब को मिलाकर बनाए गए मिश्रण का सहारा लिया गया है। यही प्रयोग वन विहार में किया गया है और उम्मीद यही की जाती है कि आस पास के इलाके में मौजूद तितलियां वातावरण को और रंगीन बनाने में सहायक होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**