अगवा जहाज में सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित
नई दिल्ली, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। सोमालिया के समुद्री डकैतों द्वारा अपहृत जहाज में सवार सभी 18 भारतीय नाविकों समेत उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जहाज सोमालिया में है और उसमें सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। सोमवार को यमन के तट के निकट अदन की खाड़ी में सोमालिया के समुद्री डकैतों ने इस जहाज का अपहरण कर लिया था।
बुधवार को आरईसीएएपी सूचना केंद्र के पास जहाज के एक सदस्य संतोष पाटिल का फोन आया और इसके बाद ही पुष्टि हो पाई कि जहाज का अपहरण हो चुका है।
दरअसल आरईसीएएपी एशिया में जहाजों के खिलाफ होने वाली तस्करी और समुद्री डकैती को रोकने के लिए किया गया एक क्षेत्रीय सहयोग समझौता है।
उल्लेखनीय है कि सोमालिया में संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) को मानवीय सहायता के तहत चलाया जा रहा है। इसी क्षेत्र में सक्रिय समुद्री डकैत जहाजों को अपना निशाना बनाते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।