प्रचंड बेंगलुरू की तर्ज पर नेपाल में लाना चाहते हैं आईटी क्रांति
बेंगलुरू, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के केंद्र के रूप में मशहूर कर्नाटक के बेंगलुरू शहर की तर्ज पर नेपाल में भी आईटी क्रांति लाना चाहते हैं।
भारत के दौरे पर आए प्रचंड ने भारतीय उद्योग संघ की कर्नाटक इकाई के सदस्यों से बातचीत के दौरान कहा, "बेंगलुरू के सर्वागीण विकास को देखकर मैं बहुत प्रभावित हुआ हूं। आईटी सेक्टर पर विशेष जोर दिया जाए तो हम नेपाल में भी ऐसा कर सकते हैं।"
नेपाल में निवेश करने के लिए निजी कंपनियों को न्योता देते हुए प्रचंड ने यहां के उद्योगपतियों से कहा कि नेपाल जल्द ही एक निवेशपरक औद्योगिक नीति लेकर सामने आएगी। इस मौके पर नेपाल उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष बिनोद चौधरी ने भारतीय आईटी कंपनियों को नेपाल में अपने प्रशिक्षण केंद्र खोलने का आग्रह किया।
इससे पहले प्रचंड बुधवार सुबह जब दिल्ली से सीधे बेंगलुरू पहुंचे तो हवाई अड्डे पर एक राज्य मंत्री ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री बी. एस. येद्दीयुरप्पा शहर से बाहर थे।
यहां पहुंचते ही प्रचंड ने सबसे पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) का दौरा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।