किशोरी से विवाह की कोशिश कर रहा 70 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
पटना, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। एक 15 वर्षीय किशोरी से विवाह का प्रयास कर रहे 70 वर्षीय पूर्व सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी विवाह समारोह से एन पहले उस समय भाग निकली जब उसे पता चला कि उसका विवाह एक बुजुर्ग के साथ हो रहा है।
पहले से ही पोते-पोतियों वाले सुंदर भगत को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पटना के निकट जैतिया गांव की रहने वाली 15 वर्षीय कंचन कुमारी ने उससे शादी से इंकार कर दिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कंचन की चाची मराचो देवी को भी शादी के आयोजन में उनकी कथित भूमिका के कारण गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि कानूनन शादी के वक्त लड़की की उम्र 18 वर्ष होना अनिवार्य है।
कंचन ने आईएएनएस को बताया, "मेरी चाची ने कभी दूल्हे की उम्र नहीं बताई। जब मुझे मंडप में लाया गया तो मैं बूढ़े दुल्हे को देखकर स्तब्ध रह गई। मैं वहां से भाग निकली और स्थानीय लोगों से मदद मांगी।"
स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी के लिए भगत ने कंचन के परिजनों को एक लाख रुपये का भुगतान किया था हालांकि भगत ने इससे इंकार किया। भगत ने बताया कि उसकी पत्नी की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी है और उसका बेटा अपने परिवार के साथ रांची में रहता है।
भगत ने कहा कि वे अरसे से अकेले रह रहा है और अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए ही वह शादी करना चाहता था।
पुलिस भगत, कंचन की मां प्रमिला देवी और चाची मराचो देवी से पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।