नेपाल-भारत के बीच जल प्रबंधन पर संयुक्त कार्यप्रणाली पर सहमति
नई दिल्ली, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के जल संसाधन मंत्री बिशनू प्रसाद पौधल ने मंगलवार को केंद्रीय जल संसाधन मंत्री प्रो. सैफुद्दीन सोज से मुलाकात की। दोनों पक्ष इस पर भी सहमत थे कि जल प्रबंधन के लिए एक त्रिस्तरीय संयुक्त कार्य प्रणाली बनाई जाए। इसके लिए मंत्री स्तर पर संयुक्त नदी आयोग के गठन पर भी रजामंदी हुई। इसके अलावा दोनों पक्षों ने सचिव स्तर पर संयुक्त जल प्रबंधन समिति, परियोजना स्तरीय तकनीकी समिति के गठन पर भी बल दिया।
दोनों मंत्रियों ने विभिन्न जल संसाधन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। दोनों नेताओं में इस बात पर सहमति थी कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जल्द पूरा करने के लिए सप्तकोसी हाई डैम परियोजना के कार्य में तेजी लाई जाए।
इस अवसर पर उनके साथ जल विशेषज्ञों और अधिकारियों का दल भी था। मुलाकात के दौरान पंचेश्वर बहुपयोगी परियोजना पर भी चर्चा की गई। पौधल ने आग्रह किया कि महाकाली संधि-1996 के प्रकाश में पहले से विलंबित इस परियोजना को जल्द पूरा कर लिया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।