हिंसाग्रस्त मैंगलोर में बंद का व्यापक असर
बेंगलुरू, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की हत्या के बाद हिंसा से सुलग रहे कर्नाटक के तटवर्ती शहर मैंगलोर में मंगलवार को घोषित बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
'श्री राम सेना' नामक संगठन द्वारा घोषित बंद के दौरान शहर के सभी शिक्षण संस्थान और व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। आम लोग घरों से नहीं निकले, जिसके कारण सड़कें वीरान दिखीं।
'श्री राम सेना' ने सोमवार शाम को अपने एक कार्यकर्ता की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने के बाद इस बंदा का आह्वान किया था।
हत्या की इस घटना को लेकर शहर के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम हिंदू संगठन के कार्यकर्ता की हत्या के मामले की जांच कर रहे हैं। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसकी हत्या गिरजाघरों पर हुए हमलों से जुड़ी है या फिर यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है।"
उल्लेखनीय है कि रविवार को गिरजाघरों पर हुए हमलों के बाद ईसाईयों द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन के दौरान सोमवार को लगभग 10 लोगों को चाकू मारे गए थे।
इस मामले में अब तक 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 50 लोग ऐसे हैं, जिन्हें गिरजाघरों पर हमले के आरोप में पकड़ा गया है, जबकि शेष को हिंदुओं के साथ झड़प के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।