पर्दे पर फिर हंसाएंगे विनय पाठक
मुंबई, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के हास्य अभिनेता विनय पाठक अपनी अगली फिल्म 'दसविदानिया' के जरिए एक बार फिर दर्शकों को हंसाने वाले हैं।
'दसविदानिया' एक हास्य फिल्म है और इसकी कहानी अमर कौल नाम के एक व्यक्ति के इर्द गिर्द घूमती है, जिसकी भूमिका विनय पाठक निभा रहे हैं। 'वन मोर थॉट इंटरटेनमेंट (ओटीएमई) नामक निर्माण कंपनी से जुड़े आजम खान ने आईएएनएस से कहा, "हम लोगों ने जान बूझ कर फिल्म का शीर्षक ऐसा रखा है जिससे दर्शकों को जिज्ञासा हो।"
उन्होंने कहा कि यह फिल्म कौल के संघर्ष की कहानी है। जो अपनी जिंदगी को सार्थक बनाने के लिए जो कुछ हासिल करना चाहता है, उसके लिए उसे कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
रूसी भाषा में दसविदानिया का अर्थ 'गुड बाय' है। इस फिल्म में विनय के साथ रजत कपूर, नेहा धूपिया और सौरभ शुक्ला मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सुशांत शाह कर रहे हैं और यह 31 अक्टूबर को प्रदर्शित होने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।