कलाम चले प्रियंका चोपड़ा की राह
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। क्या आप जानते हैं कि देश के पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा में क्या समानता हैं? दोनों ने अपने अंग दान कर दिए हैं, जिन्हें उनके मरने के बाद किसी जरूरतमंद व्यक्ति के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाएगा।
कुछ महीने पहले प्रियंका ने अपने अंग दान कर दिए थे। हाल ही में कलाम ने नई दिल्ली के 'इंडियन आर्मीज रिसर्च एंड रेफरल हॉस्पिटल' में एक समारोह के दौरान 'आर्मड फोर्सेज रेट्रीवल एंड ट्रांसप्लांटेशन ऑथोरिटी' (एओआरटीए) को अपने अंग दान कर दिए।
पिछले दिनों उनके एक करीबी मित्र की मृत्यु यकृत के काम न करने की वजह से हो गई थी। कलाम ने कहा कि दानकर्त्ता की कमी के कारण उसकी जान नहीं बच पाई इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग अपने अंगों का दान करें।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, "देश में अंगों की मांग बड़ी संख्या में है, लेकिन बहुत कम संख्या में लोग अपने अंगों का दान कर रहे हैं। दानकर्त्ताओं के लिए कुछ सरल कानूनों की भी जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।