कांग्रेस ने किया पाटिल का बचाव
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। आतंकवाद की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर इस्तीफे का दबाव झेल रहे केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का कांग्रेस ने बचाव किया है। कांग्रेस का कहना है कि पाटिल के इस्तीफे से देश में सिर्फ अस्थिरता का माहौल बनेगा।
कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, " हर घटना के लिए किसी व्यक्ति विशेष को जिम्मेदार ठहराया जाना उचित नहीं है।"
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई पार्टी के रणनीतिकारों की विशेष बैठक में पाटिल की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर सिंघवी ने कहा, "इस प्रकार की बैठकें बेहद निजी होती हैं। इनके बारे में मीडिया को बताया नहीं जाता। गृह मंत्री पिछले तीन दिनों से लगातार बैठकें कर रहे हैं। ऐसे में वे यदि किसी एक बैठक में नहीं आते हैं, तो आप समझ सकते हैं कि वे क्यों नहीं आए।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा की जा रही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की आलोचनाओं से जुड़े एक सवाल पर सिंघवी ने कहा, "राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जब सत्ता में था तो उस दौरान कई आतंकवादी घटनाएं हुई। तत्कालीन गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी के इस्तीफे की मांग भी उठी। लेकिन उन्होंने कभी इस्तीफा नहीं दिया।"
आतंकवाद का सामना करने के लिए संघीय जांच एजेंसी की स्थापना करने के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पुराने सुझाव की कांग्रेस ने एक बार फिर वकालत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*