बिहार बाढ़ : पासवान ने किया सेल के राहत शिविरों का उद्घाटन
पटना, 15 सितंबर (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित अररिया जिले का दौरा किया तथा वहां स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (सेल) द्वारा चलाए जाने वाले दो राहत शिविरों का उद्घाटन किया।
फुलशाहा और लक्ष्मीपुर में राहत शिविरों के उद्घाटन के मौके पर मंत्री ने कहा कि बिहार में आई बाढ़ के लिए राज्य सरकार जिम्मेवार है। जून और जुलाई तक राज्य सरकार सारे तटबंधों को सुरक्षित बताती रही। उन्होंने बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने का सारा श्रेय सेना के जवानों को देते हुए कहा कि आज सेना के जवानों के कारण ही इतने लोगों की जान बच गई।
उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार बाढ़ राहत शिविर खोल रही है। लेकिन उसमें बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सुविधायें नहीं के बराबर दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी बाढ़ राहत शिविरों में चौबीस घंटे में एक बार लोगों को भोजन दिया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।