नेपाल के भारत और चीन से रिश्तों की तुलना नहीं : प्रचंड
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल उर्फ 'प्रचंड' ने सोमवार को कहा कि उनके देश के चीन और
भारत के साथ संबंधों के बीच तुलना नहीं की जा सकती।
यहां विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित करने के बाद पूछे गए एक सवाल के जवाब में प्रचंड ने कहा कि उनके देश के भारत से रिश्ते 'सौहार्दपूर्ण एवं महत्वपूर्ण' हैं।
यह पूछने पर कि दोनों पड़ोसी देशों के साथ नेपाल किस तरह के रिश्ते चाहेगा, प्रचंड ने कहा, "भारत और चीन के बीच तुलना का प्रश्न ही नहीं उठता।"
उन्होंने कहा कि नेपाल भारत के साथ समृद्ध और विकसित होना चाहता है। प्रचंड ने कहा कि व्यापार विकास का वाहक है और आर्थिक विकास में तेज रफ्तार से प्रगति के जरिए उनके देश में शांति और स्थायित्व कायम होगा।
उन्होंने भारतीय औद्योगिक घरानों को नेपाल में संयंत्र लगाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य मकसद अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। बिहार में कोसी नदी के कारण आई बाढ़ के बारे में प्रचंड ने कहा, "इस समय हमें समस्या का समाधान तलाशने और तटबंधों की दरारों को पाटने की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*