आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में खुफिया साझेदारी महत्वपूर्ण : शिवराज पाटिल
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में विभिन्न देशों के बीच खुफिया जानकारियों को बांटना महत्वपूर्ण है।
पुलिस प्रमुखों के अंतर्राष्ट्रीय एसोसिएशन (आईएसीपी) के एशिया-प्रशांत चैप्टर की ओर से नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन करते हुए पाटिल ने सोमवार को विभिन्न देशों से आतंकवादियों को शरण न देने का आग्रह किया। इस मौके पर उन्होंने उन कोषों के प्रवाह को भी रोकने का आग्रह किया जिनसे आतंकवाद को वित्तीय मदद मिलती है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही देश की राजधानी नई दिल्ली में तीन अलग-अलग जगहों पर एक के बाद एक पांच बम धमाके हुए थे। इस घटना में 23 लोगों की जान चली गई थी और 100 से ज्यादा घायल हो गए थे।
पिछले वर्ष विभिन्न आतंकवादी हमलों में भारत में 650 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इनमें से ज्यादातर आम नागरिक थे। इनमें से कई मामलों पर से फिलहाल पर्दा नहीं उठ पाया है।
गृह मंत्री ने जोर देकर कहा है कि कुछ देशों में खतरनाक हथियारों और विस्फोटकों की खु़ली बिक्री हो रही है। यह बंद किया जाना चाहिए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद के सफाए के लिए पुलिस का उचित प्रशिक्षण और नए-नए तकनीकों का इजाद किया जाना निहायत जरूरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।