दिल्ली धमाकों में मृतकों की संख्या 25 हुई

राजधानी के व्यस्त माने जाने वाले तीन इलाकों में शनिवार शाम हुए सिलसिलेवार धमाकों से दिल्ली थम सी गई है। रविवार की सुबह सड़कों पर सन्नाटा और विस्फोट से प्रभावित इलाकों में कई लोगों के घरों में मातम साफ बयां कर रहा है कि यहां के लोग दहशत में हैं।
सात सिंदिग्ध हिरासत में
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार करोलबाग और कनाट प्लेस इलाके से सात लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापे भी मारे गए हैं। पुलिस ने विस्फोट के सिलसिले में सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
शनिवार शाम 22 मिनट के भीतर हुए पांच सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है, वहीं 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है।
पुलिस को मिली ईमेल के मुताबिक आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए धमाकों की जिम्मेदारी भी इसी संगठन ने ली थी।
शक की सुई सिमी पर
मुम्बई के चेंबुर इलाके से पुलिस के पास आयी एक ई-मेल की बिला पर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर आशंका व्यक्त की है।
राजधानी के कनाट प्लेस में तीन, गेट्रर कैलाश-वन में दो और करोलबाग इलाके में एक धमाका हुआ। पहला धमाका करोल बाग के गफ्फार मार्केट में शाम 6.15 बजे हुआ। इलेक्ट्रानिक सामान के लिए मशहूर इस बड़े बाजार में कम से कम 16 लोग मारे गए और लगभग 50 लोग घायल हो गए। कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 10 सेकेंड के अंतराल पर दो धमाके हुए। दोनों बम डस्टबीन में रखे गए थे। यहां 20 लोग घायल हो गए।
कनाट प्लेस में तीसरा धमाका बाराखंभा रोड पर गोपाल दास भवन के निकट हुआ। यह स्थान मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के निकट है। पुलिस के मुताबिक यहां धमाकों से दो व्यक्तियों की मौत हो गई।


Click it and Unblock the Notifications