अफगानिस्तान में गवर्नर की हत्या, तालिबान ने ली जिम्मेदारी (लीड-1)
काबुल, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। राजधानी काबुल के नजदीक दक्षिणी लोगार प्रांत के गवर्नर और उनके तीन सुरक्षाकर्मियों की हत्या की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है।
शनिवार को लोगार प्रांत के गवर्नर अब्दुल्लाह वर्डाक और उनके तीन सुरक्षाकर्मियों की एक विस्फोट में मौत हो गई थी।
तालिबान के कथित प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को फोन पर जानकारी दी कि गवर्नर की कार जिस रास्ते से गुजरने वाली थी उस रास्ते पर तालिबान ने ही बम रखा था।
इससे पूर्व प्रांतीय पुलिस प्रमुख मुस्तफा मोहसिनी ने बताया था कि शनिवार सुबह गवर्नर काबुल से 20 किलोमीटर पश्चिम में स्थित पागघमन के अपने घर से आ रहे थे। आतंकवादियों ने रिमोट कंट्रोल के जरिए उनकी कार को उड़ा दिया।
काबुल से 60 किलोमीटर दक्षिण में स्थित लोगार प्रांत में गत एक वर्ष में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है। अगस्त में यहां आतंकवादियों ने तीन विदेशी राहतकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications