दिल्ली विस्फोट : मोदी का दावा, प्रधानमंत्री को किया था आगाह
बेंगलुरू, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल को विशेष तौर पर आगाह किया था कि दिल्ली आतंकवादियों के निशाने पर है। हालांकि मोदी ने कहा कि उन्होंने यह नहीं बताया था कि ये विस्फोट कब और कहां-कहां होंगे।
मोदी ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "10 दिनों पूर्व प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन से नई दिल्ली में मेरी मुलाकात हुई थी। मैंने विशेष रूप से इन सभी को आगाह किया था कि गुजरात पुलिस द्वारा जिन आतंकवादियों से पूछताछ की जा रही है, उन्होंने दिल्ली को अगला निशाना बनाने के संकेत दिए हैं।"
उन्होंने कहा, "आतंकवादियों ने कहा था कि वे जल्द ही दिल्ली को आतंकी निशाना बनाने जा रहे हैं। हालांकि हमें यह जानकारी नहीं थी कि विस्फोट किस दिन और कहां-कहां हो सकते हैं।"
मोदी ने कहा, "पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी आज मैंने आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि यदि हमें आतंकवाद से लड़ना है तो पूरे देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications