नामांकित होकर ही खुश हैं मोहम्मद यूसुफ
लाहौर, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ का कहना है कि उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का 'साल का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय खिलाड़ी' का पुरस्कार नहीं मिल पाने का मलाल नहीं है।
पाकिस्तान के प्रमुख अंग्रेजी दैनिक 'डान' से बातचीत के दौरान यूसुफ ने कहा कि वे आईसीसी पुरस्कारों के लिए नामांकित होकर ही सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
बकौल यूसुफ, "भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, एकदिवसीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन ब्रेकन की जमात में शामिल होना ही मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे खुशी है कि धोनी को यह सम्मान मिला क्योंकि वे इसके हकदार थे।"
ट्वेंटी-20 क्रिकेट के लिए अयोग्य माने जाने वाले यूसुफ ने कहा कि वे 4 अक्टूबर से लाहौर में शुरू हो रही राष्ट्रीय चैंपियनशिप के माध्यम से क्रिकेट के इस स्वरूप में अपनी उपयोगिता साबित करेंगे।
यूसुफ ने कहा, "बहुत जल्द मैं साबित कर दूंगा कि मैं क्रिकेट के सबसे नए स्वरूप में भी उतनी ही अच्छी बल्लेबाजी कर सकता हूं, जितनी कि मैं एकदिवसीय या फिर टेस्ट मैचों में करता हूं।"
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नए अध्यक्ष के बारे में पूछे जाने पर यूसुफ ने कहा कि कोई क्रिकेटर ही पीसीबी को ठीक ढंग से संचालित कर सकता है।
गौरतलब है कि पीसीबी के चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए टीम में यूसुफ को नहीं चुना था। पीसीबी का कहना था कि यूसुफ एकदिवसीय और टेस्ट क्रिकेट के लिए तो योग्य हैं, लेकिन उनकी शैली ट्वेंटी-20 के लायक नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications