एनएसजी से मिली छूट के बावजूद शेयर बाजारों में आई गिरावट
मुंबई, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय मोर्चे पर बड़ी कामयाबी हासिल करने के बावजूद देश के शेयर बाजारों के लिए यह सप्ताह अच्छा नहीं रहा। सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस सोमवार को इनमें तेजी दर्ज की गई, लेकिन खराब वैश्विक रुझानों के चलते शेष चार दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
गत छह सितंबर को परमाणु आपूर्तिकर्ता देशों के समूह (एनएसजी) ने भारत के साथ परमाणु कारोबार पर लगा 34 वर्ष पुराना प्रतिबंध हटा लिया था। इस बीच 30 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में मुद्रास्फीति की दर भी घटकर 12.1 फीसदी हो गई थी। इससे पिछले सप्ताह में यह दर 12.34 फीसदी थी।
बीते सप्ताह बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 483.02 अंक अथवा 3.33 फीसदी गिरकर 14,000.81 पर आ गया। उधर, नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी सप्ताह भर में 123.85 अंक अथवा 2.84 फीसदी गिरकर 4,228.45 पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप सूचकांक 216.58 अंक अथवा 3.76 फीसदी गिरकर 5,537.14 पर और स्मालकैप सूचकांक 193.68 अंक अथवा 2.8 फीसदी गिरकर 6,711.54 पर बंद हुआ।
सोमवार को असैन्य परमाणु समझौते पर विएना से आई खुशखबरी के चलते सेंसेक्स ने 461.14 अंकों अथवा 3.18 फीसदी की छलांग लगाई और यह 14,944.97 तक जा पहुंचा। उसी दिन निफ्टी 130 अंकों अथवा 2.99 फीसदी की बढ़त के साथ 4,482.30 पर बंद हुआ।
मंगलवार को एशियाई बाजारों के कमजोर रूझाानों के चलते बाजार हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 44.21 अंक अथवा 0.3 फीसदी गिरकर 14,900.76 पर और निफ्टी 13.6 अंक अथवा 0.3 फीसदी गिरकर 4,468.70 पर बंद हुआ।
बुधवार को भी खराब वैश्विक रुझानों के चलते निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 238.15 अंक अथवा 1.6 फीसदी गिरकर 14,662.61 पर और निफ्टी 68.45 अंक अथवा 1.53 फीसदी फिसलकर 4,400.25 पर बंद हुआ।
गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बाजारों ने गिरावट के साथ कारोबार किया। सेंसेक्स ने 338.32 अंकों अथवा 2.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की और यह 14,324.29 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 109.95 अंक अथवा 2.5 फीसदी गिरकर 4,400.25 पर बंद हुआ।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को बाजार एक बार फिर भारी गिरावट के साथ बंद हुए। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 323.48 अंक अथवा 2.26 फीसदी गिरकर 14,000.81 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 61.85 अंक अथवा 1.44 फीसदी गिरकर 4,228.45 पर बंद हुआ।
इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ा और इसके शेयर 7.11 फीसदी गिरकर 1,931.40 रुपये प्रति शेयर पर आ गए।
देश में निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल के शेयरों में 3.15 फीसदी की गिरावट आई और इनकी कीमत 778.70 रुपये प्रति शेयर रही। आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में पांच फीसदी की गिरावट आई और ये 652.85 रुपये प्रति शेयर तक नीचे आ गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications