दिल्ली के किसानों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के किसानों ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी अधिग्रहित की गई भूमि का उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो वे अपना आंदोलन को तेज कर देंगे।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कंझवाला, कराला, सुल्तानपुर डबास, पुत खुर्द, तिकड़ी खुर्द और तिकड़ी कलान समेत कई गांवों के किसान अपनी मांग को लेकर स्थानीय उपायुक्त कार्यालय के बाहर पिछले छह महीनों से धरने पर बैठे हुए हैं।
भारतीय किसान यूनियन(बीकेयू) के सचिव बलराज डबास ने बताया, "हम छह महीने से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं लेकिन दिल्ली सरकार ने कुछ नहीं किया। सरकार के निर्णय से क्षेत्र में 60 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। हमें पता चला है कि 18 सितम्बर को सरकार बैठक कर रही है। हम उसका इंतजार करेंगे और अगर हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं तो हम आंदोलन को तेज करेंगे। "
उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त 2005 को दिल्ली सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर 1,450 एकड़ कृषि भूमि का अधिग्रहण कर लिया था। सरकार ने इसका 15.7 लाख से 17.5 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा निर्धारित किया। किसानों का आरोप है कि सरकार ने उनकी जमीन का बाजार भाव से बेहद कम मूल्यांकन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications