चयन समिति की निष्ठुरता के शिकार हुए कैसन : मैक्गिल
सिडनी, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज स्टुअर्ट मैक्गिल का कहना है कि स्पिन गेंदबाज बीएयू कैसन क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की चयन समिति की निष्ठुरता के शिकार हुए हैं।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' से बातचीत के दौरान मैक्गिल ने कहा कि भारत दौरे के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में शामिल नहीं किए गए कैसन के साथ गलत हुआ है, जबकि उनमें लंबे समय तक आस्ट्रेलियाई स्पिनर आक्रमण को संभालने की प्रतिभा है।
मैक्गिल ने कहा, "मेरे साथ भी कई बार ऐसी ही निष्ठुरता दिखाई गई। मैं इस बात से कभी सहमत नहीं रहा कि भारत में लेग स्पिनरों की तुलना में ऑफ स्पिनर ज्यादा कारगर होते हैं। इस बात ने मुझे काफी परेशान किया है। अब कैसन के साथ ऐसा हो रहा है।"
कैसन ने हाल ही में भारत 'ए' के साथ खेली गई दो तीन दिवसीय मैचों की टेस्ट श्रंखला में अच्छा प्रदर्शन किया था। वे सीए का केंद्रीय करार पाने वाले एकमात्र स्पिन गेंदबाज हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें भारत दौरे के लिए नहीं चुना गया।
भारत दौरे के लिए आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम में दो नए स्पिनरों ब्रेस मैक्गेन और जेसन क्रेजा को शामिल किया गया है। दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली चार मैचों की श्रंखला का पहला मैच नौ अक्टूबर से बेंगलुरू में खेला जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications