परमाणु करार को चुनावी मुद्दा नहीं बनाएगी भाजपा
बेंगलुरू, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। वैसे तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते का खुलकर विरोध कर रही है, लेकिन पार्टी के नेता इस बात के स्पष्ट संकेत दे रहे कि विरोध के बावजूद लोकसभा के आगामी चुनाव में यह विवादास्पद करार पार्टी के लिए मुद्दा नहीं होगा।
भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "अगले साल लोकसभा के जब चुनाव होंगे तो भाजपा चार मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। मंहगाई, आतंकवाद, कृषि संकट और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की तुष्टिकरण की नीति हमारे प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे।"
परमाणु करार पार्टी के लिए चुनावी मुद्दा होगा या नहीं, इस बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा, "यह सुरक्षा संबंधी मुद्दे का हिस्सा होगा।"
उन्होंने कहा कि लोकसभा के अलावा कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी पूरे देश में 14 स्थानों पर विजय संकल्प यात्राएं निकालेगी। इसकी शुरुआत आज बेंगलुरू से हुई और समापन 25 अक्टूबर को हैदाराबाद में होगा। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी इन यात्राओं के प्रमुख वक्ता होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications