सऊदी अरब में अश्लील कार्यक्रम प्रसारित करने वाले चैनलों के खिलाफ फतवा
रियाद, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। सऊदी अरब के मुख्य न्यायाधीश शेख सालिह इब्न लहायदान ने उन अरबी सैटेलाइट चैनलों के मालिकों के विरूद्ध फतवा जारी किया है जो अनैतिक कार्यक्रमों को प्रसारित करते हैं।
सालिह ने कहा कि अनैतिक कार्यक्रमों को प्रसारित करने वाले चैनल मालिकों को मौत की सजा दी जानी चाहिए। दुबई स्थित अल-अरबिया चैनल ने सालिह के इस बयान की रिकार्डिग प्रसारित की है। उन्होंने ये बातें सऊदी के एक रेडियो स्टेशन के एक कार्यक्रम में कही थी।
सालिह ने कहा कि अनैतिक कार्यक्रमों का प्रसारण करने वाले चैनल हजारों लोगों को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि ये चैनल अश्लीलता परोसते हैं।
गौरतलब है सऊदी अरब में अधिकतर टेलीविजन नेटवर्क पर शाही परिवार का नियंत्रण है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राजकुमार अल वालीद तलाल ने देश के एक प्रमुख मनोरंजन चैनल को खरीदा है। प्रमुख व्यापारिक पत्रिका फोर्ब्स ने तलाल को दुनिया के 20 सबसे धनी व्यक्तियों में शामिल किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications