दिल्ली विस्फोट : इंडियन मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में शनिवार शाम हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने ली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसे इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त करनैल सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "पता चला है कि इंडियन मुजाहिदीन ने जिम्मेदारी ली है लेकिन हम इसके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ भी नहीं कह सकते।"
उन्होंने कहा, "धमाकों के पीछे इंडियन मुजाहिदीन हो या फिर कोई और, हम इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करना चाहते हैं। हमें धमाकों के बारे में कोई भी खुफिया सूचना पूर्व में नहीं मिली थी।"
उन्होंने सुरक्षा में चूक होने की बात को खारिज कर दिया।
ज्ञात हो कि पिछले 26 जुलाई को हुए अहमदाबाद धमाकों की जिम्मेदारी भी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी। सुरक्षा कर्मियों का मानना है कि इंडियन मुजाहिद्दीन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट आफ इंडिया (सिमी) का अग्रीम संगठन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications