हमें आस्ट्रेलियाई स्पिनरों से खतरा नहीं : हरभजन
सिडनी, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने कहा है कि अक्टूबर में होने वाली चार मैचों की टेस्ट श्रंखला के दौरान भारत के बल्लेबाज आस्ट्रेलिया के अनुभवहीन स्पिनरों को बड़े आराम से खेलेंगे।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' से बातचीत के दौरान हरभजन ने कहा, "अपने घर में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए हमने शेन वार्न को सबसे बड़ा खतरा माना है। अब जबकि, वार्न क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, टीम में शामिल स्पिन गेंदबाज ब्रेस मैक्गेन और जेसन क्रेजा हमारे बल्लेबाजों के लिए खतरा नहीं पैदा कर पाएंगे।"
भारत दौरे के लिए आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम में दो नए स्पिनरों मैक्गेन और क्रेजा को शामिल किया गया है। वार्न और स्टुअर्ट मैक्गिल की तुलना में इन दो स्पिनरों के लिए भारत दौरा काफी कठिन साबित हो सकता है, क्योंकि इनके पास अंतर्राष्ट्रीय अनुभव नहीं है।
हालांकि, आस्ट्रेलियाई टीम में ब्रेट ली, स्टुअर्ट क्लार्क और मिशेल जानसन जैसे प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज हैं, लेकिन विश्व स्तरीय स्पिन आक्रमण की गैरमौजूदगी में उसे भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में दिक्कत आ सकती है।
हरभजन मानते हैं कि किसी बड़े स्पिन गेंदबाज की कमी के कारण भारत को इस श्रंखला में निश्चित तौर पर फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, "वार्न और मैक्गिल के नहीं रहने से आस्ट्रेलियाई स्पिन आक्रमण में धार नहीं रह गई है। वैसे भी ग्लेन मैक्ग्राथ, एडम गिलक्रिस्ट और जेसन गिलेस्पी के बगैर आस्ट्रेलियाई टीम पहले से कमजोर दिख रही है। हमारे लिए तो यह फायदे की बात है।"
हालांकि भज्जी ने यह भी कहा कि आस्ट्रेलियाई टीम को कमतर आकने की भूल नहीं की जा सकती, क्योंकि उसके चयनकर्ता सर्वश्रेष्ठ टीम चुनने में यकीन रखते हैं। बकौल हरभजन , "सबकुछ जानते हुए भी हम सचेत हैं। हमारी रणनीति आस्ट्रेलियाई टीम की कमजोरियों पर केंद्रित होगी, लेकिन उसकी मजबूती पर भी हमारी नजर रहेगी।"
नौ अक्टूबर से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच में हरभजन के अलावा भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले स्पिन आक्रमण की कमान संभालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications