किसानों की समस्याएं निपटाने में मददगार बनेगा रेडियो
भोपाल, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक नए अभियान की शुरुआत हुई और वह है सामुदायिक रेडियो। प्रदेश का पहला सामुदायिक रेडियो विदिशा जिले के सिंरोज में स्थापित किया गया है।
इस रेडियो स्टेशन से किसानों को विभिन्न तकनीकों की जानकारी तो मिलेगी ही साथ ही विशेषज्ञ उनकी समस्याओं का निराकरण भी करेंगे। एक तरह से यह रेडियो स्टेशन किसानों के लिए परामर्श केंद्र होगा। इस केंद्र से कृषि, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक, महिला बाल विकास, एवं अन्य सामयिक विषयों से संबंधित कार्यक्रमों का भी प्रसारण होगा।
इसका प्रसारण क्षेत्र सिंरोज से 20 किलोमीटर की परिधि में रहेगा। इसके अंतर्गत आने वाले 200 गांव के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। इस रेडियो स्टेशन से सुबह और शाम किसानवाणी कार्यक्रम का प्रसारण होगा जो एक-एक घंटे का रहेगा।
कृषि विभाग और इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्री बिजनेस प्रोफेशनल्स द्वारा स्थापित किए गए किसानवाणी सामुदायिक रेडियो स्टेशन का उद्घाटन गुरुवार को प्रदेश के जन संपर्क मंत्री लक्ष्मीकान्त शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि इस रेडियो स्टेशन के शुरू हो जाने से किसानों को कई तरह की समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। साथ ही उन्हें पुरानी परंपरागत खेती के साथ ही नई-नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी और वे अपनी खेती में इजाफा कर सकेंगे।
विशेषज्ञों से मिलने वाले परामर्श से क्षेत्र के किसान गेहूं-चना की खेती के अलावा फूल, फल, मसालों की खेती अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत कर सकेंगे।
जन संपर्क मंत्री ने किसानों से गन्ने की खेती करने पर जोर दिया, क्योंकि सिरोंज क्षेत्र मे शक्कर का कारखाना स्थापित किए जाने के प्रयास चल रहे हैं। कई उद्योगपतियों से सरकार चर्चा भी कर चुकी है। इस मौके पर किसान सम्मेलन भी हुआ जिसमें बड़ी तादाद में किसान व अधिकारी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications