दिल्ली विस्फोट : जायसवाल ने कहा, पुलिस को झांसा दे गए आतंकवादी
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की राजधानी नई दिल्ली में शनिवार शाम को तीन अलग-अलग जगहों पर धमाकों को आतंकवादियों द्वारा की गई कार्रवाई करार देते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि इस समय आतंकवादी पुलिस को झांसा देने में कामयाब हो गए हैं।
जायसवाल ने कहा, "हम यह नहीं कह रहे हैं कि ये धमाके सुरक्षा खामियों की वजह से हुए, लेकिन इस समय आतंकवादी पुलिस को झांसा देने में कामयाब हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "वे (आतंकवादी) पुलिस को झांसा देने में कैसे कामयाब हुए फिलहाल इसकी जानकारी मिलनी बाकी है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि वे सुराग छोड़ गए हैं। इस शहर में डेढ़ करोड़ लोग रहते हैं, लगभग तमाम जगह पुलिस तैनात है, लेकिन मैं समझता हूं कि आतंकवादी पुलिस को झांसा देने में कामयाब हो गए।"
किसी आतंकवादी संगठन का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा, "वे (आतंकवादी) हमारे विकास, हमारी प्रगति और हमारी समृद्धि से दुखी हैं।" हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ये उच्च तीव्रता वाले विस्फोट नहीं थे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि राजधानी में बम धमाकों की घटनाएं आज शाम कनाट प्लेस, ग्रेटर कैलाश और करोल बाग में हुए। पहला धमाका करोल बाग के गफ्फार बाजार में आज शाम लगभग 6.15 बजे हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications