दिल्ली विस्फोट : इंडियन मुजाहिदीन का चौथा खतरनाक हमला
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट आफ इंडिया (सिमी) के मोर्चा संगठन के नाम से हालिया कुछ दिनों से चर्चा में आए 'इंडियन मुजाहिदीन' ने इस दफा देश की राजधानी दिल्ली को अपना निशाना बनाया है। इससे पहले उत्तरप्रदेश, राजस्थान और गुजरात को वह अपने आतंकी निशाने पर ले चुका है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में शनिवार की शाम हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली है। पिछले कुछ समय से अक्सर ऐसा देखा जा रहा है कि बम धमाकों के बाद मीडिया संस्थानों या पुलिस के पास ई-मेल पहुंचता है, जिसमें इंडियन मुजाहिदीन घटनाओं को अंजाम देने की जिम्मेदारी बड़ी ही निर्भीकता के साथ अपने सिर पर ले लेता है।
पिछले साल नवम्बर महीने में उत्तरप्रदेश के कुछ शहरों में बम धमाके हुए। इसके बाद 13 मई को जयपुर और 26 जुलाई को अहमदाबाद में भी सिलसिलेवार बम धमाके हुए। सभी धमाकों को अंजाम देने की प्रकिया लगभग एक सी रही है। दिल्ली में हुए धमाकों में भी ऐसी ही प्रकिया के इस्तेमाल के शुरुआती संकेत मिले हैं।
इस दफा दिल्ली धमाकों के ठीक पांच मिनट पहले ही इस संगठन ने मौत का संदेश शीर्षक से कई मीडिया संगठनों को धमाकों के बारे में ई मेल किया था।
वैसे तो दिल्ली में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने ली है। लेकिन पुलिस का कहना है कि उसे इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त करनल सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "पता चला है कि इंडियन मुजाहिदीन ने जिम्मेदारी ली है लेकिन हम इसके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ भी नहीं कह सकते।"
उन्होंने कहा, "धमाकों के पीछे इंडियन मुजाहिदीन हो या फिर कोई और, हम इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करना चाहते हैं। हमें धमाकों के बारे में कोई भी खुफिया सूचना पूर्व में नहीं मिली थी।"
उन्होंने सुरक्षा में चूक होने की बात को खारिज कर दिया।
ज्ञात हो कि पिछले 26 जुलाई को हुए अहमदाबाद धमाकों की जिम्मेदारी भी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications