अमेरिका ने वेनेजुएला के राजदूत को निकाला, कूटनीतिक विवाद बढ़ा (लीड-1)
वाशिंगटन, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राजदूत को अपने देश से निष्कासित करने और राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज के नजदीकी तीन अधिकारियों पर कोलंबिया के वामपंथी विद्रोहियों से संबंधों के कारण आर्थिक प्रतिबंध लगाने से अमेरिका का वेनेजुएला और उसके सहयोगी बोलिविया के साथ कूटनीतिक तनाव बढ़ गया है।
वेनेजुएला और बोलिविया से अमेरिकी राजदूतों को बाहर निकालने के आदेश की प्रतिक्रिया में अमेरिका ने भी शुक्रवार को वेनेजुएला के राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैक्कारमेक ने कहा कि चावेज और बोलिविया के राष्ट्रपति इवो मोराल्स अपने नेतृत्व को मिल रही आतंरिक चुनौती का सामना नहीं कर पाने के कारण हताशा में कदम उठा रहे हैं। मैक्कारमेक ने कहा कि यह आंतरिक समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने की एक चाल है।
कूटनीतिक विवाद बुधवार को तब शुरू हुआ जब बोलिविया के राष्ट्रपति मोराल्स ने उनकी सोशलिस्ट नीतियों का विरोध करने वाले गुट को समर्थन देने का आरोप लगाते हुए अमेरिकी राजदूत को देश छोड़ने का आदेश दिया। इसके बाद अमेरिका ने बोलिविया के राजदूत को देश छोड़ने का आदेश जारी किया।
चावेज ने भी बोलिविया के साथ एकजुटता दिखाते हुए गुरुवार रात को अमेरिकी राजदूत पैट्रिक डडी को देश छोड़ने और अमेरिका से अपने राजदूत को वापस बुलाने के आदेश दिए थे।
बहरहाल अमेरिका ने वेनेजुएला के राजदूत के निष्कासन के साथ ही कोलंबिया के विद्रोही संगठन रिवोल्युशनरी आर्म्स फोर्सेस आफ कोलंबिया (एफएआरसी) के साथ संबंध रखने के आरोप में उसके तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर वित्तीय प्रतिबंध लगा दिया है।
ये तीन हैं-अभी हाल में वेनेजुएला आंतरिक मंत्रालय से इस्तीफा देने वाले रोमन रोड्रिग्ज, सैनिक खुफिया विभाग के प्रमुख ह्यूगो अरमान्डो कर्वाजाल बारोस और वेनेजुएला पुलिस प्रमुख हेनरी डी जीसस रेंगल सिल्वा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications