प. बंगाल के राज्यपाल ने सिंगुर के लिए दिया 'कृषि-उद्योग संतुलन' का सुझाव
कोलकाता, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। सिंगुर स्थित टाटा मोटर्स की नैनो कार फैक्टरी से जुड़े भूमि विवाद को हल करने के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी ने शनिवार को 'कृषि-उद्योग संतुलन' का फार्मूला अपनाने का सुझाव दिया।
सिंगुर में कृषि योग्य भूमि के अधिग्रहण के मुद्दे पर सत्तारूढ़ वाम मोर्च और मुख्य विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के बीच हुई बैठकों का हवाला देते हुए गांधी ने कहा, "सितंबर महीने की 5,6 और 7 तारीख को सिंगुर मुद्दे पर हुई चर्चा के दौरान मैंने पाया कि दोनों पक्ष मामले के हल कि लिए उत्सुक हैं। " उन्होंने कहा कि इसी भावना से मामले का हल निकल पाएगा।
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि अगर इच्छाशक्ति दिखाई जाए तो कानून के अनुसार ही किसानों और छोटी कार परियोजना के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि भूमि और फैक्टरी की भूमि में संतुलन की अवधारणा के साथ एक हल पर पहुंचा जा सकता है।"
इससे पहले शुक्रवार को सरकार और तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी विवाद के किसी सर्वसम्मत हल तक पहुंचने में नाकामयाब रहे। ममता सरकार के उस प्रस्ताव से खिन्न थीं जिसमें किसानों को परियोजना क्षेत्र में से 70 एकड़ भूमि वापस देने की बात कही गई थी जबकि ममता लगातार 300 एकड़ भूमि दिए जाने की मांग कर रही हैं। सरकार ने यह भी कहा था कि वह पहले से अधिग्रहीत भूमि के लिए कुल कीमत का 50 फीसदी और भुगतान करने के लिए तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications