हैम्बर्ग मास्टर्स के लिए अब्बासी को पाक हॉकी टीम की कमान
कराची, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। ओलंपिक सेंटर फारवर्ड शकील अब्बासी को अगले महीने जर्मनी में खेले जाने वाले चार देशों के हैम्बर्ग मास्टर्स हॉकी टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तानी हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के मुताबिक 18 सदस्यीय टीम में छह ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने बीजिंग ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा टीम में युवा खिलाड़ियों को जगह दी गई है।
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के अध्यक्ष जफर उल्लाह खान जमाली ने बताया कि संभावितों की सूची में शामिल नहीं किए गए फुल बैक खिलाड़ी मोहम्मद इमरान को उपकप्तान बनाया गया है।
पीएचएफ ने साफ किया कि चूंकि अगले आठ-नौ महीनों के भीतर जूनियर विश्व कप खेला जाना है, इसलिए हैम्बर्ग मास्टर्स के लिए ज्यादातर जूनियर खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है।
बकौल जमाली, "हम बीजिंग ओलंपिक में अपने अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। यही कारण है कि नई टीम में युवाओं को तरजीह दी गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications