हमारे श्रेष्ठ स्पिन गेंदबाज हैं मैक्गेन : वार्न
सिडनी, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। दुनिया के सफलतम टेस्ट गेंदबाजों में एक आस्ट्रेलिया के शेन वार्न का कहना है कि ब्रेस मैक्गेन को भारत दौरे के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में शामिल करके चयनकर्ताओं ने समझदारी भरा फैसला किया है क्योंकि आज की तारीख में मैक्गेन देश के श्रेष्ठ स्पिनर हैं।
वार्न ने आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'दी डेली टेलीग्राफ' से कहा कि हालांकि क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के केंद्रीय करार में शामिल एकमात्र स्पिन गेंदबाज बीएयू कैसन को नहीं चुना जाना दुखद है, लेकिन एक तरह से यह फैसला कैसन के हक में जाता है क्योंकि अपने पहले ही अंतर्राष्ट्रीय दौरे में भारतीय बल्लेबाजों से पिटने की स्थिति में उनका मनोबल गिर सकता था।
मैक्गेन का भारत में अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट करियर शुरू करना तय माना जा रहा है। 36 वर्षीय मैक्गेन पिछले 24 वर्षो में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले आस्ट्रेलिया के सबसे अधिक उम्र के क्रिकेटर होंगे।
आस्ट्रेलिया के एक अन्य पूर्व स्पिन गेंदबाज स्टुअर्ट मैक्गिल ने कहा है कि सीए ने कैसन के साथ अन्याय किया है। मैक्गिल के मुताबिक कैसन का चयन सिर्फ इसलिए नहीं किया गया क्योंकि वे एक ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं।
हालांकि वार्न इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मैं नहीं मानता कि भारत नहीं जाने से कैसन का करियर खत्म हो जाएगा। मेरी निगाह में एक तरह से अच्छा हुआ कि कैसन भारत नहीं जा रहे हैं क्योंकि स्पिन गेंदबाजों को अच्छी तरह खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज पहले ही अंतर्राष्ट्रीय दौरे में उनका मनोबल गिरा सकते थे।"
मैक्गेन की तारीफ करते हुए वार्न ने कहा, "आज की तारीख में मैक्गेन हमारे सबसे अच्छे स्पिन गेंदबाज हैं। वे गेंद की रफ्तार कम करने में माहिर हैं। साथ ही 36 वर्ष के होने के कारण एक तरह से उनके पास काफी अनुभव है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications