बिहार बाढ़ : लापता लोगों की खोज में मदद कर रहा है आईबीएम
पटना, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी आईबीएम बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लापता लोगों विशेषकर बच्चों की खोज करने में सरकार की मदद कर रही है। इसके लिए कंपनी एक साफ्टवेयर के माध्यम से डाटाबेस तैयार कर रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त प्रत्यय अमृत ने आईएएनएस को बताया, "लापता लोगों की खोज के लिए हम आईबीएम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इसके परिणाम शीघ्र ही सामने आएंगे। "
पिछले सप्ताह आईबीएम के अधिकारियों ने सरकारी अधिकारियों से मुलाकात की थी और बाढ़ पीड़ितों का निशुल्क डाटाबेस तैयार करने का वादा किया था। इसमें बाढ़ प्रभावितों, राहत शिविरों में मौजूद लोग, लापता लोग और जन-धन हानि का आकलन शामिल है।
प्रत्यय ने बताया कि कंपनी ने एक साफ्टवेयर बनाया है जिसे डाटाबेस के साथ मिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यो के बाद लापता लोगों को खोजना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
यह साफ्टवेयर इससे पहले 2004 की सुनामी के दौरान भारत, श्रीलंका और इंडोनेशिया तथा बांग्लादेश की बाढ़ के दौरान सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया जा चुका है।
बाढ़ प्रभावित मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया और अररिया जिलों में राहत शिविरों के बाहर लोग कतार लगाकर अपने खोए परिजनों को ढूंढ़ रहे हैं।
कोसी नदी के तटबंध टूटने और भारी बारिश के चलते करीब तीन सप्ताह पहले राज्य में भयानक बाढ़ आई थी जिससे लगभग तीस लाख लोग प्रभावित हुए। नौ लाख 81 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और 2.79 लाख लोगों को 300 राहत शिविरों में स्थान दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।