पाकिस्तान में खेल सुविधाएं विकसित करने में मदद करेगा चीन
इस्लामाबाद, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। क्रिकेट और हॉकी के अलावा अन्य खेलों में फिसड्डी पाकिस्तान ने देश में खेल सुविधाओं के विकास के लिए इस क्षेत्र की महाशक्ति चीन की मदद लेने का फैसला किया है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली न्यूज' ने देश के खेलमंत्री नजमुद्दीन खान के हवाले से लिखा है कि चीन खेलों के क्षेत्र में मदद पहुंचाने के लिए तैयार है। इसके तहत सबसे पहले देश के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
चीन ने पाकिस्तान को तकनीकी और प्रशिक्षण संबंधी सुविधाएं मुहैया कराने का वादा किया है। दूसरे चरण के अंतर्गत बलूचिस्तान में खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
गौरतलब है कि पिछल्ले कुछ समय में चीन खेलों की महाशक्ति के रूप में उभरा है। हाल ही में संपन्न बीजिंग ओलंपिक में उसने अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, जापान, जर्मनी सहित 204 देशों को पीछे छोड़ते हुए सर्वाधिक 50 से अधिक स्वर्ण पदक हासिल किए।
दूसरी ओर, बीजिंग ओलंपिक में पाकिस्तान को एक भी पदक नहीं मिल सका। पाकिस्तान को सबसे अधिक उम्मीद अपनी हॉकी टीम से थी, लेकिन वह भी निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए आठवें स्थान पर रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।