जानवरों के साथ सैकड़ों मील की यात्रा करते थे पाषाणकालीन मानव
लंदन, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के स्टोनहेंज क्षेत्र में मिले जानवरों के पाषाणकालीन अवशेषों से संकेत मिलता है कि उस समय धार्मिक संस्कारों के लिए सैकड़ों मील दूर दूर से लोग अपने जानवरों को लेकर वहां आते थे।
समाचार पत्र 'द गार्जियन' ने क्षेत्र में दफनाए गए जानवरों के अवशेषों का अध्ययन करने वाले वैज्ञानिकों के हवाले से बताया कि यहां धार्मिक उत्सवों के दौरान जानवरों का सामूहिक वध किया जाता था।
यह स्थान स्टोनहेंज से दो मील दक्षिण पूर्व में स्थित है और यहां मिले अवशेष ईसा से करीब 3000 साल पुराने हैं। पहले पुरातत्वविदों का कहना था कि पाषाणकालीन मनुष्य इतनी लंबी यात्राएं नहीं करता था।
नाटिंघम के ब्रिटिश जियोलॉजिकल सर्वे के वैज्ञानिक जेन इवांस ने कहा, "हम उन संचार माध्यमों और धार्मिक रीति-रिवाजों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिनके चलते दक्षिणी इंग्लैंड और अन्य स्थानों से लोग अपने जानवरों को लेकर यहां आते थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।