कांस्टेबल के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज
इंदौर,10 सितम्बर (आईएएनएस) मध्यप्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल के खिलाफ शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक बलात्कार करने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शब्बीर हुसैन शादी का झांसा देकर चार साल तक एक महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़ित महिला की शिकायत पर तुकोगंज पुलिस ने बुधवार को कांस्टेबल के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया।
पीड़िता के अनुसार उज्जैन में तैनात कांस्टेबल शब्बीर दिसंबर 2004 से लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि शादी का झांसा देकर ही शब्बीर ने उसे कभी उज्जैन और कभी इंदौर में काफी समय तक अपने साथ रखा। वह बार-बार उसे शादी का भरोसा दिलाता रहा, लेकिन एक दिन वह मुकर गया।
तुकोगंज थाने के नगर निरीक्षक दिलराज सिंह बघेल ने बताया है कि महिला की शिकायत पर कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इंडो- एशियन न्यूज सर्विस।