भारत के साथ कई मसलों पर काम कर रहा है अमेरिका
अरुण कुमार
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका भारत के साथ परमाणु समझौते के अलावा कई अन्य मुद्दों पर भी काम कर रहा है। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के अमेरिका दौरे के समय व्हाइट हाउस ने यह टिप्पणी की है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता डाना पेरिनो ने मंगलवार कहा कि अमेरिका भारत के साथ परमाणु समझौते के अलावा कई क्षेत्रों में सहयोग पर काम कर रहा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यो का ब्यौरा नहीं दिया।
संवाददाताओं ने उनसे पूछा था कि क्या एंटनी के साथ वार्ता में अमेरिका, अफगानिस्तान में चल रहे युद्ध में भारत का सहयोग मांगेगा?
परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के देशों से परमाणु कारोबार में छूट मिलने के बाद अमेरिकी यात्रा पर आने वाले एंटनी पहले वरिष्ठ भारतीय नेता हैं। मंगलवार को अमेरिकी रक्षामंत्री राबर्ट गेट्स से मुलाकात की। एंटनी राष्ट्रपति जार्ज बुश, विदेशमंत्री कोंडोलिजा राइस और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्टीफन हैडली के साथ भी बैठक करेंगे।
एंटनी के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी अमेरिका आया है, इसमें रक्षा सचिव विजय सिंह तथा थलसेना, नौसेना और वायुसेना के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।