किरण बेदी पर बनी फिल्म 'यस मैडम, सर' का टोरंटो में प्रीमियर
टोरंटो, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी किरण बेदी के उतार-चढ़ाव भरे करियर पर आधारित वृत्तचित्र 'यस मैडम, सर' का प्रीमियर 'टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह' में किया गया। यह वृत्तचित्र भारतीय पुलिस सेवा की कई खामियों को उजागर करती है।
ऑस्ट्रेलिया के फिल्म निर्माता मेगन डनमैन ने इस वृत्तचित्र में दिखाया है कि नौकरशाहों और उनके सहकर्मियों ने बेदी को किस तरह सजा के तौर पर अलग-अलग जगह भेजकर अलग-थलग करने की कोशिश की, लेकिन उन सभी को निराश करते हुए बेदी ने उसे अखबारों की सुर्खियों और पुरस्कार पाने के अवसरों में बदल दिया।
पुरानी यादों में झांकते हुए 90 मिनट के इस वृत्तचित्र की शुरुआत वर्ष 1982 में मार काट मचा रहे सिखों को अकेले ही शांत कर देने वाली इस निडर व साहसी महिला अधिकारी के साथ किया है।
बीबीसी के टिम सेबैसटियन के अनुसार आंदोलनकारी उनके टुकड़े भी कर सकते थे या फिर उन पर जवाबी गोली भी दाग सकते थे, लेकिन बेदी बिल्कुल नहीं घबराईं। अपने लक्ष्य के प्रति वे हमेशा गंभीर रहीं। नैतिक रूप से उनका सही होना और अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहना इस वृत्तचित्र के अंत तक दिखता है।
मेगन तकरीबन सात वर्षो तक बेदी के साथ रहे। उन्होंने एक के बाद एक कई कार्यो को बखूबी हल करते हुए बेदी को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
इस वृत्तचित्र में बेदी के माता-पिता, पति और बेटी के साथ उनके संबंधों पर भी प्रकाश डाला गया है, जो मुश्किल की घड़ियों में हमेशा उनके साथ रहे। भारत से पहले इस वृत्तचित्र के अमेरिका में रिलीज की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।