गौ पूजा के दौरान रमन सिंह पर गाय ने किया हमला
रायपुर, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह रविवार को उस वक्त घायल होने से बाल-बाल बच गए, जब गौ पूजा के दौरान अचानक बिदक गई एक गाय ने उन पर हमला कर दिया।
दरअसल, एक नवनिर्मित गौशाला के उद्घाटन के सिलसिले में मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी रायपुर से 75 किलोमीटर दूर स्थित राजनांदगांव गए थे। इस दौरान गौमाता की पूजा करने के बाद वे गायों को मिठाई खिलाने लगे कि इतने में वहां मौजूद एक गाय अचानक बिदक गई और उसने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री को बचा लिया।
इस घटना में अरशद खान नाम का एक उपनिरीक्षक घायल हो गया। खान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्हें अंदरूनी चोट आई है।
अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे और वे मुख्यमंत्री के समर्थन में जोर-जोर से नारे लगा रहे थे। शोरगुल सुनकर गाय बिदक गई और उसने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*