भारत पर चीन को सकारात्मक परमाणु उपयोग का भरोसा
नई दिल्ली, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत को परमाणु आपूर्ति के सवाल पर आपूर्तिकर्ता देशों के समूह द्वारा मिली हरी झंडी के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में पड़ोसी देश चीन ने भरोसा जताया है कि भारत परमाणु ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करेगा।
चीन ने कहा है कि इस समझौते से जहां एक तरफ परमाणु ऊर्जा के सकारात्मक उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, वहीं अंतर्राष्ट्रीय परमाणु अप्रसार के मामले में भी मदद मिलेगी।
आपूर्तिकर्ता देशों द्वारा परमाणु आपूर्ति के लिए भारत को दी गई रियायत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जियांग यू ने कहा कि चीन इस बात में विश्वास करता है कि सभी देश परमाणु ऊर्जा के सकारात्मक उपयोग का अधिकार रखते हैं वहीं इस मामले में अंतराष्ट्रीय सहयोग की भी उनकी जिम्मेदारी बनती है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल अंतरराष्ट्रीय परमाणु अप्रसार को और मजबूत बनाने की दिशा में सहयोग की जरूरत है।
चीनी विदेश मंत्री यांग जिची की भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी से मुलाकात के ठीक बाद भारत स्थित चीनी दूतावास से जारी विज्ञप्ति में जियांग यू के इस बयान को शामिल किया गया।
हालांकि चीन ने भारतीय नेतृत्व को पहले ही भरोसा दिलाया था कि वह परमाणु आपूर्तिकर्ता देशों के समूह की बैठक में भारत के रास्ते में कोई रोड़ा नहीं अटकाएगा। लेकिन जब अमेरिका 45 आपूर्तिकर्ता देशों के बीच इस मुद्दे पर आम सहमति बनाने की कोशिश में था, चीन इस नाजुक मोड़ पर अपने फैसले से पीछे हट गया था।
बाद में बुश प्रशासन तथा भारत की तरफ से की गई कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह चीन भारत के समर्थन को राजी हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।