बिहार बाढ़ : प्रभावित इलाकों में सड़क मरम्मत का काम शुरू
पटना, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़क संपर्क बहाल करने के प्रयासों में तेजी आई है। राज्य के पथ निर्माण मंत्री प्रेम कुमार का दावा है कि कोसी के बाढ़ग्रस्त सभी इलाकों का सड़क संपर्क जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में आधा दर्जन बेली ब्रिज (लोहे का अस्थाई पुल) भी बनाए जाएंगे।
कुमार ने आईएएनएस को बताया कि पटना से बाढ़ प्रभावित तीन जिला मुख्यालयों सुपौल, सहरसा और मधेपुरा का सड़क संपर्क बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आवागमन जल्द बहाल करने के लिए आधे दर्जन बेली ब्रिज भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये ब्रिज बीस दिन के अंदर बन जायेंगे।
कुमार ने कहा कि बेली ब्रिज के निर्माण के लिए केन्द्र सरकार से भी सहयोग मांगा जाएगा, जिससे जल्द से जल्द पुलों का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि ये पुल अस्थाई होंगे लेकिन बाद में स्थायी पुलों का निर्माण करवाया जाएगा।
बाढ़ में बर्बाद हो चुकी सड़कों को आवागमन के लायक बनाने का कार्य चल रहा है। कुमार ने बताया कि सड़क मरम्मत के कार्य में तेजी लाने के उदेश्य से बेगूसराय स्थित केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के कार्यालय को अस्थाई तौर पर सहरसा स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*