मध्यप्रदेश में दो डकैत मुठभेड़ में ढेर
भोपाल, 7 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में पुलिस ने रविवार को दो इनामी डकैतों को मुठभेड़ में मार गिराया। यह दोनों ही डकैत जगजीवन परिहार गिरोह नंबर दो के सदस्य थे।
भोपाल, 7 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में पुलिस ने रविवार को दो इनामी डकैतों को मुठभेड़ में मार गिराया। यह दोनों ही डकैत जगजीवन परिहार गिरोह नंबर दो के सदस्य थे।
भिंड के पुलिस अधीक्षक अभय सिंह के अनुसार, शनिवार की देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि भिंड जिले के जवासा के जंगलों में डकैत डेरा डाले हुए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और डकैतों को पकड़ने का प्रयास किया। मगर डकैतों ने गोलीबारी शुरू कर दी। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो डकैत रामहेत सिंह बघेल और रामलखन बघेल मारे गए। इन पर 17-17 हजार का इनाम था। पुलिस ने डकैतों के पास से 12 बोर की दो बंदूक और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार ये दोनों डकैत मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुके थे और शनिवार की देर रात को इसी इरादे से भिंड आए हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।