डेरा प्रमुख पर हमला करने वाला गिरफ्तार
चंडीगढ़, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर फरवरी में हुए हमले के मुख्य आरोपियों में एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी। अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के. के. सिंधु ने आईएएनएस को बताया कि यमुना नगर शहर के समीप हाथिन कुंड बराज इलाके से शनिवार रात धमेन्द्र नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
सिंधु ने बताया कि धमेन्द्र हमले की साजिश रचने वाला बख्शीश सिंह का सहयोगी है, जो अभी भी फरार है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस बख्शीश सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश करेगी।
धमेन्द्र को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि दो फरवरी को करनाल जिले में डेरा प्रमुख के काफिले से विस्फोटक से भरा टायर टकरा दिया गया था। इस हमले में डेरा प्रमुख बाल-बाल बच गए लेकिन छह सुरक्षाकर्मी समेत 11 लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।