बिहार बाढ़ : 50 हजार लोग घर छोड़ने के अनिच्छुक
पटना, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों के करीब 50 हजार लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना नहीं चाहते। ये लोग अपने घरों की छतों पर रहकर अपने दिन काट रहे हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "ये लोग अपने घर छोड़कर जाना नहीं चाहते क्योंकि उन्हें डर है कि उनके जाने के बाद उनके घरों से कीमती सामान लूट लिया जाएगा।"
पिछले दो दिनों में जल स्तर में डेढ़ फीट की कमी आने के बाद इन लोगों ने सेना के अधिकारियों से कहा है कि वे अपने घरों को छोड़कर जाना नहीं चाहते हैं क्योंकि परिस्थितियों में सुधार हो रहा है जबकि सैन्य अधिकारी लगातार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री नीतीश मिश्र ने बताया कि रविवार तक लगभग 8.82 लाख प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था जिनमें से 2.80 लाख लोगों को राहत शिविरों में स्थान दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कोसी नदी में पिछले 50 सालों के दौरान आई सबसे भीषण बाढ़ ने अब तक 50 लोगों की जानें ले ली हैं और 25 लाख लोगों तथा 9.25 लाख जानवरों को प्रभावित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।