मछुआरों को बचाने के लिए करूणानिधि ने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई
चेन्नई, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। तलिनाडु के मुख्यमंत्री एम. करूणानिधि ने रविवार को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा कथित तौर पर मारे गए भारतीय मछुआरों के लिए संवेदना प्रकट की है और केंद्र सरकार से मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भेज पत्र में करूणानिधि ने कहा, "केंद्र सरकार की ओर से सुरक्षा का आश्वासन दिए जाने के बाद भी तमिलनाडु के मछुआरे श्रीलंकाई नौसेना की ओर से बिना चेतावनी दिए की जा रही गोलीबारी से भयभीत हैं।"
उन्होंने कहा कि जनवरी 2006 से अब तक मछुआरों पर गोलीबारी की 27 वारदातें हो चुकी हैं जिनमें 24 मछुआरे और आठ स्थानीय नागरिक या तो मारे गए या घायल हो गए। इस दौरान 342 मछुआरे लापता भी हुए।
दूसरी ओर श्रीलंकाई नौसेना का कहना है कि वह तभी गोलीबारी करती है जब इस बात का संदेह होता है कि भारतीय मछुआरे लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम(लिट्टे) को हथियारों की तस्करी के लिए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।